धमतरी। जिले के अधारी नवागांव से एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। घर के आंगन में कपड़े सुखाने के दौरान करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधारी नवागांव निवासी संगीता साहू सोमवार सुबह स्नान के बाद घर के आंगन में कपड़े सुखाने गई थीं। जिस स्थान पर कपड़े सुखाने की रस्सी बंधी थी, उसके बेहद करीब से बिजली का तार गुजर रहा था। गीले कपड़े डालते समय उनका हाथ अनजाने में विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे वे तेज करंट की चपेट में आ गईं।
परिजनों ने तत्काल उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बिजली के खुले और असुरक्षित तारों को लेकर चिंता जताई है तथा ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।