मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 दोस्तों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर ही तीनों की मौत


जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन दोस्तों की जान चली गई। यह हादसा बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाली भारतमाला रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दलहरण दास वैष्णव (62 वर्ष), केदार बरेट (52 वर्ष) और संतु यादव (70 वर्ष) रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। एक साथ तीन लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *