यूरिया, डीएपी और बीज की कमी से किसान परेशान, समय पर आपूर्ति नहीं होने पर उग्र आंदोलन का ऐलान
रिपोर्ट -दीनदयाल साहू दुधावा
दुधावा। क्षेत्र में किसानों को खाद और बीज की कमी की समस्या को लेकर दुधावा कांग्रेस मंडल ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति बासनवाही-दुधावा में प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और समिति प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष भीखम शोरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं किसान पहुंचे और किसानों को समय पर यूरिया, डीएपी तथा बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रबी फसल की तैयारी के बीच समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई किसानों की बुवाई प्रभावित हो रही है और उन्हें खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है।
मंडल अध्यक्ष भीखम शोरी ने आरोप लगाया कि सरकार के दावों के बावजूद सहकारी समितियों में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सभी समितियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं कराया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के साथ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि जिले की सभी सहकारी समितियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराकर किसानों को पर्ची के आधार पर समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए।
मौजूद रहे: ज्ञापन सौंपने के दौरान दुधावा मंडल कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता, पंच, सरपंच तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।