दुर्ग। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए भविष्य निधि (PF) से 5 लाख रुपये निकालने हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि PF की राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
कर्मचारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।