दुधावा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच, मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
कांकेर/नरहरपुर। नरहरपुर थाना क्षेत्र के सल्हेटोला गांव में 14 वर्षीय किशोर की मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर का शव 11 अगस्त की सुबह उसके घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही दुधावा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान अजय मरकाम, पिता अश्वन मरकाम, उम्र 14 वर्ष, निवासी सल्हेटोला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना 10 अगस्त की रात करीब 9 बजे से 11 अगस्त की सुबह 6 बजे के बीच की बताई जा रही है।
सुबह दरवाजा खोलने पर सामने आया मामला
मर्ग सूचना के अनुसार, रात में परिवार के साथ खाना खाने के बाद अजय अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह करीब 6 बजे परिजन ने उसे जगाने के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर अजय कमरे में फंदे पर लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों, पड़ोसियों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
दुधावा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
दैनिकमीडिया | कांकेर