“भालू के कहर के अगले ही दिन कुएं में गिरा तेंदुआ, कांकेर में वन्यजीवों की बढ़ी हलचल”




कांकेर। जिले में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। कल ही नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला में भालू के हमले में तीन ग्रामीणों की मौत हुई थी। वहीं गुरुवार को सरोना वन परिक्षेत्र के ग्राम साइमुण्डा में रमेश मरकाम के घर-बाड़ी स्थित कुएं में एक तेंदुआ गिर गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम के साथ दुधावा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि वन विभाग ने तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन विभाग और पुलिस ने लोगों से कुएं के आसपास भीड़ न लगाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है, ताकि रेस्क्यू अभियान बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।

लगातार हो रही वन्यजीवों की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक तेंदुए को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई जारी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *