दीनदयाल साहू दुधावा
दुधावा। कांकेर जिले के दुधावा चौकी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मांडाभरी में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, बीयर तथा बिक्री की नकदी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मांडाभरी निवासी दशलाल मंडावी अपने घर में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निखिल राखेजा के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चौकी दुधावा पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान आरोपी के घर की तलाशी लेने पर दो कार्टन शराब बरामद हुए। इनमें सुपर जिप्सी फाइन व्हिस्की के 44 पौवा, जम्मू स्पेशल व्हिस्की का 1 पौवा तथा किंगफिशर बीयर की 12 बोतलें मिलीं। कुल 15 लीटर 900 एमएल अंग्रेजी शराब एवं बीयर, जिसकी अनुमानित कीमत 7,800 रुपये है, जब्त की गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी दशलाल मंडावी (38 वर्ष), पिता इतवारी राम मंडावी, निवासी ग्राम मांडाभरी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया और न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र वर्मा, सहायक उप निरीक्षक गंगाराम शोरी, प्रधान आरक्षक गुरूचंद शोरी, आरक्षक प्रमोद कोर्राम, महेंद्र भास्कर, महेश कोरेटी, सुमन मानिकपुरी तथा साइबर सेल के सउनि भांकेश पटेल एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रखने की बात कही।