
बासनवाही– खरीफ सीजन के बीच खाद की सीमित उपलब्धता, स्मार्ट मीटर बंद करने की मांग तथा डीजल-पेट्रोल की कमी को लेकर क्षेत्र के किसानों का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर दिखाई दिया। बासनवाही, दुधावा, जामगांव और सारवंडी लैंप्स से जुड़े किसानों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नायब तहसीलदार सरोना को ज्ञापन सौंपा।

किसानों का कहना है कि खाद वितरण में निर्धारित लिमिट के कारण उन्हें जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। वहीं किसानों ने प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को बंद करने की मांग भी उठाई। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर से बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इसके अलावा किसानों ने कृषि कार्यों के लिए आवश्यक डीजल और पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
किसानों की प्रमुख मांगें
- खाद वितरण में लगाई गई लिमिट समाप्त की जाए।
- किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।
- स्मार्ट मीटर योजना को बंद किया जाए।
- डीजल एवं पेट्रोल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।