नरहरपुर। कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड क्षेत्र में भालुओं की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शामतरा, मावलीपारा और कोटलभट्टी गांव में अलग-अलग घटनाओं में भालू कभी घरों में घुसते नजर आए तो कभी सड़कों और गांव के आसपास भागते हुए दिखे। गनीमत रही कि इन सभी घटनाओं में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
शामतरा में मादा भालू बच्चे के साथ घर में घुसी
ग्राम शामतरा में शुक्रवार रात करीब 8 बजे एक मादा भालू अपने बच्चे के साथ सेवानिवृत शिक्षक अभिमन्यु कुंवर के मकान के पीछे से होते हुए किचन में घुस गई। मकान मालिक ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जिसमें मादा भालू अपने बच्चे के साथ घर के अंदर दिखाई दे रही है। कुछ देर बाद भालू वहां से निकल गया। इस घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
इसी गांव में भालू ने एक किराना दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया। दुकान संचालक परमानंद प्रधान के अनुसार भालू दुकान में रखे अंडे खा गया और तेल भी पी गया।
मावलीपारा में भी घर की रसोई में घुसा भालू
वहीं, मावलीपारा गांव में भी भालू के घर में घुसने की अलग घटना सामने आई है। यहां भालू गिरवर साहू के मकान की रसोई में पहुंच गया और वहां रखा तेल पी गया। अचानक घर में भालू के पहुंचने से परिवार में दहशत फैल गई।
कोटलभट्टी में सुबह भालू को भागते हुए देखा गया
आज सुबह कोटलभट्टी गांव में ग्रामीणों ने एक भालू को गांव के रास्ते में तेजी से भागते हुए देखा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।कुछ देर बाद भालू जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली!
इन सभी घटनाओं के बाद शामतरा, मावलीपारा और कोटलभट्टी के ग्रामीणों में डर का माहौल है। लगातार आबादी वाले इलाकों में भालुओं के पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। लगातार आबादी में भालुओं की दस्तक को देखते हुए वन विभाग से गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल सतर्कता बरतने की मांग।