रिपोर्ट –दीनदयाल साहू दुधावा
कांकेर- जिले के दुधावा में गौरा-गौरी चौक पर मंगलवार शाम शराब के नशे में हुए विवाद ने देखते ही देखते हंगामे का रूप ले लिया। बीच चौक में गाली-गलौज और मारपीट से अफरा-तफरी मच गई तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर चौकी दुधावा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को सूचना मिली कि बालाराम यादव, रामकुमार यादव और मदनलाल नेताम आपस में शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रहे हैं। तीनों के हंगामे से चौक पर लोगों की भीड़ लग गई। आरोप है कि उन्होंने आसपास मौजूद ग्रामीणों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धमकाते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तीनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और पुलिस के सामने भी विवाद करते रहे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया।
दुधावा पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के विवाद या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।