रिपोर्ट-दीनदयाल साहू (दुधावा)


कांकेर –दुधावा। वन चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टागुडूम में तेंदुए के आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। तेंदुए ने अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों का उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधन भाई उईके (65 वर्ष) के घर में घुसे तेंदुए ने उन पर हमला कर सिर पर पंजा मारकर घायल कर दिया। वहीं दूसरी घटना में धनेश कुंजाम (57 वर्ष) रात में घर में सो रहे थे, तभी तेंदुआ घर में घुस आया और उनके हाथ पर पंजा मारकर घायल कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव और जंगल से लगे क्षेत्रों में तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही हैं। आसपास के गांवों में भी तेंदुए की मौजूदगी से लोग दहशत में हैं और रात में घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन रक्षक मुन्ना शोरी सहित वन अमले ने क्षेत्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस बीच, ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने या आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने की मांग की है। सरपंच जागेश्वर नेताम, तुलसी राम यादव, नंदलाल सलाम, रमेश उईके और कैलाश कुंजाम ने गांव में तत्काल पिंजरा लगाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।