कांकेर –दुधावा। भारतीय सेना में 20 वर्षों तक देश की सेवा करने के पश्चात सेवानिवृत्त होकर अपने गृह ग्राम दुधावा लौटे लोकेश कुमार साहू (पिता – कैलाश साहू) का ग्रामीणों, परिजनों एवं शुभचिंतकों द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया।

गांव पहुंचने पर लोकेश कुमार साहू का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। बैंड-बाजा पार्टी द्वारा देशभक्ति धुनों की प्रस्तुति दी गई तथा आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने लोकेश कुमार साहू की देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन पर गर्व व्यक्त किया।
लोकेश कुमार साहू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कक्षा 1 से 5 तक गांधी विद्या मंदिर, दुधावा तथा कक्षा 6 से 12 तक हायर सेकेंडरी स्कूल, दुधावा से प्राप्त की। इसके पश्चात 19 सितंबर 2006 को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया और लगभग दो दशकों तक विभिन्न राज्यों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं।
सैन्य सेवा यात्रा
- 19 सितंबर 2006 – भारतीय सेना में भर्ती
- 2006 से 2008 – सैन्य प्रशिक्षण, भोपाल
- 2008 से 2011 – पंजाब (पटियाला) में पदस्थापना
- 2011 से 2014 – लद्दाख में पदस्थापना
- 2014 से 2017 – पश्चिम बंगाल (बिन्नागुड़ी) में पदस्थापना
- 2017 से 2020 – राजस्थान (जैसलमेर) में पदस्थापना
- 2020 से 2024 – पंजाब (अमृतसर) में पदस्थापना
ग्रामीणों ने कहा कि लोकेश कुमार साहू ने अपने समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र सेवा से पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनके गृह आगमन पर आयोजित स्वागत समारोह गांव के लिए गर्व और सम्मान का अवसर बन गया। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट -दीनदयाल साहू दुधावा