कांकेर -दुधावा। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से पुलिस चौकी दुधावा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निरीक्षक योगेंद्र वर्मा ने की।

बैठक में क्षेत्र के सरपंच, पंच, पटेल, पत्रकार तथा अन्य जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। निरीक्षक योगेंद्र वर्मा ने सभी से होली के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। युवाओं से विशेष रूप से मर्यादित एवं सुरक्षित ढंग से होली मनाने तथा किसी भी प्रकार के विवाद से दूर रहने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में सभी ने क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने का संकल्प लिया।
बैठक में मुख्य रूप से सहायक उप निरीक्षक गंगाराम शोरी, उपनिरीक्षक प्रेम शंकर ठाकुर सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट –दीनदयाल साहू (दुधावा )