प्रेमी ने साथी संग मिलकर युवती को तालाब में डुबोकर उतारा मौत के घाट,दुधावा पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल, दो आरोपी गिरफ्तार


रिपोर्ट –दीनदयाल साहू (दुधावा )

शादी का दबाव बना हत्या की वजह


दुधावा/कांकेर। चौकी दुधावा पुलिस ने ग्राम बांगाबारी में तालाब से मिली अज्ञात युवती की लाश के मामले में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए महज दो दिनों में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को ग्राम बांगाबारी स्थित बूढ़ा तालाब के पचरी में साड़ी में लिपटी एक युवती का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। ग्राम बांगाबारी निवासी दशरथ नेताम की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई।

शव की पहचान व्हाट्सएप ग्रुप एवं अन्य माध्यमों से कराई गई, जिसके बाद मृतिका की पहचान नेहा वट्टी (18 वर्ष), निवासी ग्राम बासनवाही के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में ही मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने तकनीकी व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर बिरेन्द्र ध्रुव (33 वर्ष) एवं भागवत ध्रुव (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम जबर्रा, जिला धमतरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मुख्य आरोपी बिरेन्द्र ध्रुव ने स्वीकार किया कि उसका मृतिका के साथ प्रेम संबंध था, जबकि वह पहले से शादीशुदा था। मृतिका द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाए जाने तथा जेल भिजवाने की धमकी से वह मानसिक दबाव में था।

आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत 01 फरवरी की रात मृतिका को शादी का झांसा देकर बुलाया और मोटरसाइकिल से ग्राम बांगाबारी के तालाब ले गए। पचरी में बातचीत के दौरान दोनों ने मिलकर युवती को तालाब के पानी में डुबोकर हत्या कर दी। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतिका का मोबाइल फोन और चप्पल तालाब में फेंक दी गई, जबकि उसके कपड़े और आधार कार्ड को बिरगुड़ी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से तालाब से मोबाइल फोन व चप्पल बरामद कर ली है। अन्य साक्ष्यों की भी जब्ती की गई है।

इस पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक योगेन्द्र वर्मा, सहायक उप निरीक्षक गंगाराम शोरी सहित चौकी दुधावा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *