दुधावा में दो युवकों का उत्पात खत्म — पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी जेल भेजे गए

दीनदयाल साहू (दुधावा)

कांकेर-दुधावा। देर रात दुधावा बाजार क्षेत्र में शराब के नशे में हंगामा कर रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सीधा जेल भेज दिया। दोनों आरोपी— अमेन्द्र यादव एवं रविन्द्र यादव —लगातार सड़क पर आने-जाने वाले लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों से गाली-गलौज कर झगड़ा करने पर उतारू थे, जिसकी शिकायत पर दुधावा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

चौकी दुधावा को रात में सूचना मिली कि दो युवक दुधावा चौक में राहगीरों को रोककर विवाद कर रहे हैं और तेज शोर-शराबा कर बाजार में दहशत फैला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहाँ दोनों युवक शराब के नशे में हंगामा करते मिले।

जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2025 की रात 9 बजे से 11 बजे तक दोनों आरोपी नशे में जन्मदिन मना रहे थे और सड़क पर गुजरने वाले लोगों व व्यापारियों को अपमानित कर धमका रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई अक्सर शराब पीकर मोहल्ले में अशांति फैलाते हैं। कई बार समझाइश देने के बाद भी दोनों अपनी हरकतें नहीं सुधारते।

पुलिस टीम के पहुँचते ही दोनों युवकों ने व्यापारियों पर आरोप लगाते हुए लाठी-डंडा दिखाकर सबको धमकाना शुरू कर दिया। स्थिति गंभीर देखते हुए पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में ले लिया और एसडीएम न्यायालय कांकेर में पेश किया, जहाँ से दोनों को जेल भेजने का आदेश जारी हुआ।

दोनों आरोपी को गिरफ्तार करने में सहा. उप निरीक्षक छत्रपाल साहू, गंगाराम शौरी, आरक्षक मिथिलेश, अमृत, सगत, प्रमोद, नागेश एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुधावा पुलिस की इस तत्परता से ग्रामीणों ने राहत महसूस की है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *